संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पंजाब से आने वाले कांग्रेस सासंद रवनीत सिंह बिट्टू ने स्वराज पार्टी के चीफ योगेंद्र यादव पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि योगेंद्र यादव को हटा दिया जाता है तो आज किसानों और सरकार में बात बन सकती है, क्योंकि वही आग लगा रहे हैं। बिट्टू ने लाल किला हिंसा के लिए भी योगेंद्र यादव को ही जिम्मेदार ठहराया है।
लुधियाना से सांसद कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि नए कृषि कानून से सरकारी मंडिया खत्म हो जाएंगी। हालांकि, सरकार की ओर से वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई सांसदों ने आपत्ति करते हुए चुनौती दी कि वह बताएं कि कानून में कहां लिखा है कि सरकारी मंडिया खत्म कर दी जाएंगी। इसके जवाब में कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकारी मंडियों पर टैक्स है, लेकिन प्राइवेट मंडियों पर टैक्स लगाया जाएगा, इसलिए मंडियां खत्म हो जाएंगी
इस दौरान बिट्टू ने अनुराग ठाकुर पर कुछ निजी और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कर दीं, जिन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया गया। बिट्टू ने आम आदमी पार्टी के सासंद भंगवंत मान और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी राजनीति करने का आरोप लगाया। पिछले दिनों कांग्रेस सांसद रवनीजत सिंह जब सिंघु बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन में पहुंचे थे तो उनके धक्का-मुक्की की गई थी। इसके बाद भी उन्होंने योगेंद्र यादव और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। बिट्टू यह भी आरोप लगा चुके हैं कि किसानों के आंदोलन के पीछे खालिस्तान समर्थकों का भी हाथ है।
बिट्टू से पहले अकाली दल नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कृषि कानूनों को लेकर सरकार के रवैये को असंवेदनशील और अहंकार से भरा बताते हुए कहा कि कोविड-19 के समय में जब लोग घरों में बंद थे तब अध्यादेश के जरिए इन्हें थोप दिया गया और बाद में शंकाएं दूर किये बिना कानून बना दिया गया।
हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अनाज उत्पादन का पवित्र काम करने वाले किसान आज अपनी जायज मांग को लेकर ठिठुरती ठंड में पिछले 70-75 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं जिनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी हैं। केंद्र की भाजपा नीत सरकार में मंत्री रह चुकीं कौर ने कहा कि पिछले छह महीने से, जब अध्यादेश लाया गया, तब से किसान अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन इस सरकार के आंख, कान और मुंह बंद हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू से एपीएमसी मंडियों को खत्म करने से संबंधित उनके दावों को सत्यापित करने को कहा। वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सांसद यह कहकर सदन को गुमराह कर रहे हैं कि एक नए कृषि कानून में मंडियों को खत्म करने की बात की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद कृषि कानूनों से संबंधित उनके दावों को सत्यापित करें।





